बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबे दो किशोर, निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर उठे सवाल

Follow Us

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। इटियाथोक थाना क्षेत्र के बंजरिया बैजपुर गांव में निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजन मौर्य (12) और शिवम मौर्य (15) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर रविवार को खेत में धान की नर्सरी लेकर गए थे। वापस लौटते समय वे निर्माणाधीन मैरिज हॉल के पास बने गड्ढे में हाथ-पैर धोने लगे। इसी दौरान एक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में दूसरा किशोर भी पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इटियाथोक पुलिस ने एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बाहर निकाले। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि, निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के खुला छोड़ दिया गया था। न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक गड्ढों को तुरंत सुरक्षित कराने की मांग की है।