अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने महज एक घंटे में 3.61 लाख से अधिक पौधे लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह रिकॉर्ड जापान की प्रसिद्ध मियावाकी पद्धति के जरिए बनाया गया, जिसमें कम जगह पर घने और तेजी से विकसित होने वाले जंगल तैयार किए जाते हैं।
इस अभियान में 25,000 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इनमें BAPS के स्वयंसेवक, NCC कैडेट, पुलिस कर्मी, CREDAI के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। यह पहल गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ और अहमदाबाद शहर में 50 लाख पौधे लगाने के दीर्घकालिक लक्ष्य का हिस्सा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य भाजपा अध्यक्ष, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अमित शाह ने इस उपलब्धि को जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है और देशभर में ऐसे प्रयासों को लगातार बढ़ावा मिल रहा है।

