चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली तमिलगा वेत्रि कड़गम (TVK) को लेकर चर्चा तेज है कि वह विधानसभा में अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, AIADMK के करीब 10 और विधायक पार्टी छोड़कर TVK का दामन थाम सकते हैं। इस संभावित राजनीतिक घटनाक्रम को अंदरूनी तौर पर ‘ऑपरेशन L’ नाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस मामले में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि, संभावित इस्तीफों और दलबदल की टाइमिंग को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, अगर यह बदलाव होता है तो इसका सीधा असर विधानसभा के समीकरणों और विपक्ष की ताकत पर पड़ सकता है।
तमिलनाडु विधानसभा में लगातार हो रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच कई AIADMK नेताओं के TVK के संपर्क में होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हाल के दिनों में कुछ नेताओं के पाला बदलने के बाद विपक्षी खेमे में चिंता बढ़ी है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि संभावित नए सहयोगियों को संगठन में अहम जिम्मेदारी या भविष्य में सरकार में भूमिका देने का भरोसा दिया जा सकता है। फिलहाल सभी की नजरें आने वाले दिनों में होने वाले सियासी फैसलों पर टिकी हैं।
