राजनांदगांव।12 जुलाई 2009 को मानपुर क्षेत्र में हुए भीषण नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार चौबे सहित 29 पुलिस जवानों की शहादत दिवस पर रविवार को पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, शहीद परिवारों और नागरिकों ने वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि समारोह में अविभाजित राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित मानपुर क्षेत्र के कोरकोट्टी, सीतागांव और मदनवाड़ा में शहीद हुए तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे समेत 29 पुलिसकर्मियों के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की स्मृति को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत एसपी विनोद कुमार चौबे की पत्नी रंजना चौबे भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा होता है। उन्होंने नई पीढ़ी से शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखने और प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद के समाप्त होने से अब प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा। सांसद संतोष पांडे ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्ष 2009 के बाद प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संकल्प के चलते छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल कर चुका है।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, शहीद परिवारों के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


