‘घर लौटा लल्ला’ : ‘रक्तांचल 3’ के ट्रेलर में छाए क्रांति प्रकाश झा, दमदार अंदाज ने जीता फैंस का दिल

Follow Us

मुंबई। ओटीटी की चर्चित क्राइम-थ्रिलर सीरीज ‘रक्तांचल’ अपने तीसरे सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। मेकर्स ने हाल ही में ‘रक्तांचल सीजन 3’ का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज किया, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है, वहीं सबसे ज्यादा सुर्खियां शो के लोकप्रिय किरदार ‘लल्ला’ यानी अभिनेता क्रांति प्रकाश झा बटोर रहे हैं।

ट्रेलर में क्रांति प्रकाश झा एक बार फिर ‘विजय सिंह’ के किरदार में बेहद दमदार, आक्रामक और प्रभावशाली अंदाज में नजर आ रहे हैं। पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस गैंगवार और राजनीति से भरपूर कहानी में उनका अभिनय पहले से अधिक सशक्त दिखाई दे रहा है। ट्रेलर में उनके संवाद, स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन सीक्वेंस दर्शकों को काफी पसंद आ रहे हैं। बिहार के बेगूसराय से ताल्लुक रखने वाले क्रांति प्रकाश झा ने अपने अभिनय से ओटीटी और फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें “घर लौटा लल्ला” कहकर स्वागत कर रहे हैं और उनके देसी अंदाज व दमदार अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

क्रांति प्रकाश झा ने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘मिथिला मखान’ से की थी। इसके बाद वह ‘देसवा’, ‘वन्स अपॉन ए टाइम इन बिहार’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘स्पिरिचुअल गोवा’ और ‘संकल्प’ जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘रक्तांचल’ सीरीज से मिली। अब ‘रक्तांचल सीजन 3’ जुलाई में अमेज़न पर रिलीज होने जा रही है। सत्ता, राजनीति, अपराध और गैंगवार की इस कहानी में इस बार संघर्ष किस मोड़ पर पहुंचेगा, इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।