नाबालिग छात्र के अपहरण और मारपीट का मामला, सोशल मीडिया वीडियो के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक नाबालिग छात्र के साथ कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है , जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। मामला अड़भार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत है। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह सेजेस स्कूल के पास पहुंचा, तभी चार बाइकों पर सवार करीब 8 से 9 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने छात्र को जबरन बाइक पर बैठाया और उसे शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई।

मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके कपड़े उतरवाकर अपमानित किया। वायरल वीडियो में कुछ युवक छात्र के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक छात्र को थप्पड़ और मुक्के मारता नजर आ रहा है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने छात्र की बाइक की चाबी और पैसे छीन लिए। घटना के बाद छात्र शाम करीब 4 बजे घर पहुंचा और उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

6 आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

सक्ती जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें 4 नाबालिग हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और सभी आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं

वायरल वीडियो में कुछ युवक किसी फोन नंबर की बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं, लेकिन छात्र के साथ मारपीट करने की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अफवाह न फैलाएं और जांच में सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग आरोपियों के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल अड़भार थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।