बालोद में चंदन के 5 कीमती पेड़ चोरी, आश्रम की जाली काटकर लाखों की लकड़ी ले उड़े बदमाश

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कीमती चंदन के पेड़ों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम हथौद स्थित महर्षि मुक्तानंद आश्रम परिसर में अज्ञात चोरों ने सुरक्षा जाली काटकर प्रवेश किया और खेत की मेड़ पर लगे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर उनके तने चोरी कर ले गए। चोरी गई चंदन की लकड़ी की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में आश्रम परिसर की लोहे की सुरक्षा जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 20 साल पुराने मलयागिरि प्रजाति के चंदन के पेड़ों को काटकर उनके कीमती तने अपने साथ ले गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा  305 और  331(4)  के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता  पवन कुमार साहू , जो महर्षि मुक्त लोक सेवा सार्वजनिक न्यास, हथौद के सचिव एवं सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य हैं, ने पुलिस को बताया कि आश्रम की लगभग 5 एकड़ 9 डिसमिल  कृषि भूमि की मेड़ पर करीब दो दशक पहले **आठ चंदन के पेड़  लगाए गए थे। इन पेड़ों की सुरक्षा भी की जा रही थी, लेकिन चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

एफआईआर के अनुसार,  8 जुलाई  की सुबह विद्यालय के आचार्य ठाकुर राम साहू ने फोन कर पेड़ कटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर आश्रम प्रबंधन ने देखा कि सुरक्षा जाली कटी हुई थी और पांच चंदन के पेड़ों के तने गायब थे। घटनास्थल पर पेड़ों की शाखाएं और कटे हुए ठूंठ पड़े मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि बदमाश केवल कीमती तने ही अपने साथ ले गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि चोरी की यह वारदात 7 और 8 जुलाई की दरमियानी रात को हुई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपियों ने पहले से पेड़ों की रेकी की थी।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, इस घटना के बाद आश्रम प्रबंधन और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने सार्वजनिक और धार्मिक संस्थानों में लगे कीमती पेड़ों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।