राम मंदिर चंदा विवाद पर सियासत तेज, कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। राम मंदिर से जुड़े चंदे और दान को लेकर चल रहे विवाद पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाई गई राशि को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटेल ने कहा कि, भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं। ऐसे में दान और चढ़ावे से जुड़े किसी भी विवाद से श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, वित्तीय व्यवस्था और सामने आए आरोपों को लेकर कई सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदारी तय हो।

पटेल ने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे की जांच जरूरी है। उन्होंने मंदिर से जुड़े आयोजनों के खर्च और वित्तीय रिकॉर्ड की भी समीक्षा की मांग रखी। वहीं, इस मामले को लेकर आगे की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है। विवाद के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।