नई दिल्ली। बच्चों को मीठा खाना बेहद पसंद होता है, खासकर चॉकलेट। लेकिन ज्यादा चॉकलेट खाने से शरीर में अतिरिक्त चीनी और फैट की मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे में माता-पिता बच्चों के लिए ऐसे विकल्प तलाशते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हों। कुछ हेल्दी स्वीट ऑप्शन चॉकलेट की जगह बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।
डार्क चॉकलेट बच्चों के लिए सामान्य चॉकलेट से बेहतर विकल्प हो सकती है, क्योंकि इसमें चीनी की मात्रा कम होती है। इसे फल, दूध या स्मूदी के साथ दिया जा सकता है। कैरब पाउडर भी कोको का अच्छा विकल्प है। इसमें प्राकृतिक मिठास होती है और कैफीन नहीं होने के कारण यह बच्चों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसे दूध, दही या घर की बनी मिठाइयों में मिलाया जा सकता है।
मेपल सिरप रिफाइंड चीनी का एक प्राकृतिक विकल्प है, जिसे पैनकेक, ओट्स या स्मूदी में शामिल किया जा सकता है। गुड़ पारंपरिक और पौष्टिक मिठास का बेहतरीन स्रोत है। इसमें आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं और इसे कई व्यंजनों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा फलों का सिरप भी बच्चों को प्राकृतिक स्वाद देने का अच्छा तरीका है। इन विकल्पों से बच्चों की मीठा खाने की इच्छा भी पूरी होगी और उनकी सेहत का ध्यान भी रखा जा सकेगा।
