रिटायरमेंट से 21 दिन पहले RIICO के सीनियर DGM 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, जूनियर असिस्टेंट भी ट्रैप में पकड़ा गया

Follow Us

अजमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (RIICO) के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर (DGM) अंजय विश्वकर्मा और जूनियर असिस्टेंट कमलेश गुर्जर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि सीनियर डीजीएम अंजय विश्वकर्मा 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे और उनकी रिटायरमेंट में महज 21 दिन बाकी थे।

एसीबी के अनुसार, सरथाना इंडस्ट्रियल एरिया में आवंटित एक औद्योगिक प्लॉट से जुड़े दो अलग-अलग लंबित कार्यों के लिए अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर अजमेर और ब्यावर में एक साथ ट्रैप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान अजमेर में तैनात यूनिट हेड एवं सीनियर डीजीएम अंजय विश्वकर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया, जबकि ब्यावर में जूनियर असिस्टेंट कमलेश गुर्जर को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।

एसीबी के एडिशनल एसपी मनोज गुप्ता ने बताया कि जूनियर असिस्टेंट के पास प्लॉट का पट्टा जारी करने की फाइल लंबित थी, जबकि सीनियर डीजीएम के पास प्रोडक्ट चेंज की अनुमति से संबंधित फाइल लंबित थी। दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर पर काम करने के बदले अलग-अलग रिश्वत की मांग की थी।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आवास, कार्यालय और अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी भी जारी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या दोनों अधिकारी लंबे समय से रिश्वतखोरी में संलिप्त थे और इस मामले में अन्य लोगों की भी भूमिका है।

एसीबी ने कहा है कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए रिश्वतखोरी के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करे तो उसकी सूचना तत्काल एसीबी को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।