एमसीजी में दिखा पीएम मोदी का क्रिकेट प्रेम, स्टीव वॉ संग तस्वीर और स्पोर्ट्स रोडमैप लॉन्च बना आकर्षण

Follow Us

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों से मुलाकात की और भारत-ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बने।

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ मिलकर भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, तकनीक, क्षमता निर्माण और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है। MCG दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई महिला कप्तान लिसा स्थालेकर को ऑटोग्राफ दिया, दिवंगत स्पिनर शेन वॉर्न के नाम पर बने स्टैंड का दौरा किया और पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान स्टीव वॉ के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। यह पल सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने वाला सबसे मजबूत सांस्कृतिक और खेल माध्यम है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ हर मुलाकात में क्रिकेट की चर्चा स्वाभाविक रूप से होती है और दोनों देशों के बीच खेल सहयोग भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। पीएम ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल उद्योग को भी नई ऊर्जा देगी।