मुंबई। पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 30 अगस्त से 6 सितंबर तक वियतनाम के दा नांग शहर में खेला जाएगा। चयन ट्रायल के बाद चुनी गई भारतीय टीम इस बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
अनुभवी खिलाड़ी हर्ष मेहता को भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, युवा स्टार अर्जुन सिंह अंडर-18 टीम की कमान संभालेंगे। पुरुष टीम में हर्ष मेहता, अर्जुन सिंह, अनीश फ्रोलियन और अमन पटेल शामिल हैं, जबकि महिला टीम में मिहिका यादव, आलिया इब्राहिम, पर्ल अमलसदीवाला और नाओमी अमलसदीवाला को जगह मिली है। कप्तान हर्ष मेहता ने कहा कि, टीम का लक्ष्य केवल भाग लेना नहीं, बल्कि भारत के लिए विश्व कप जीतना है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी खिलाड़ी मिलकर देश को गौरवान्वित करेंगे।
भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह भुल्लर ने भी टीम पर विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार भारत के पास संतुलित और मजबूत संयोजन है। पिछले वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय टीम इस बार और बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरेगी। खिलाड़ियों को टूर्नामेंट से पहले विशेष ट्रेनिंग कैंप में फिटनेस, तकनीक, मानसिक मजबूती और मैच रणनीति पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
