भिलाई में पीजी के अंदर छात्रा की चाकू मारकर हत्या, बेमेतरा की रहने वाली थी युवती

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही एक छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर की है। मृतका की पहचान खुशी साहू (20) निवासी बेमेतरा के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, खुशी साहू भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ वह वैशाली नगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में भी काम करती थी। वह अपनी एक सहेली के साथ पीजी में रहती थी। घटना के समय उसकी सहेली नहाने गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी पीजी में घुसा और खुशी पर धारदार चाकू से हमला कर फरार हो गया।

जब सहेली वापस कमरे में पहुंची तो खुशी को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद गंभीर हालत में खुशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस खुशी के दोस्तों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में धारदार चाकू से हत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।