बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद ब्लॉक के लिमोरा गांव में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने गांव के प्राइमरी, मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि तीनों स्कूलों में करीब 200 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए सिर्फ 12 शिक्षक ही उपलब्ध हैं। शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शैक्षणिक व्यवस्था बिगड़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की संख्या बढ़ाने को लेकर वे कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने स्कूल में तालाबंदी करने का निर्णय लिया। स्कूल में ताला लगाए जाने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ग्रामीणों और पालकों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।


