नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले से पहले मोरक्को की टीम को बड़ा झटका लगा है। मजबूत प्रतिद्वंद्वी फ्रांस के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में टीम के स्टार फॉरवर्ड इस्माइल सैबारी चोट के कारण मैदान पर नजर नहीं आएंगे। मोरक्को के मुख्य कोच मोहम्मद औहाबी ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैबारी के बाहर होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि, कनाडा के खिलाफ राउंड ऑफ 16 मुकाबले के दौरान सैबारी को हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी, जिससे वह समय पर उबर नहीं पाए। हालांकि, कोच ने उम्मीद जताई है कि, टीम अगर सेमीफाइनल में पहुंचती है तो 25 वर्षीय खिलाड़ी वापसी कर सकता है।
इस टूर्नामेंट में सैबारी मोरक्को के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबलों में गोल किए और नीदरलैंड्स के खिलाफ शूटआउट में अहम पेनल्टी को गोल में बदला था। सैबारी की गैरमौजूदगी में मोरक्को को फ्रांस जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है। वहीं, दोनों टीमों के बीच अब तक हुए मुकाबलों में फ्रांस का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। 2022 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भी फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया था। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि बिना अपने स्टार खिलाड़ी के मोरक्को किस तरह विश्व चैंपियन दावेदार फ्रांस को चुनौती देता है।
