आश्रम परिसर से 5 लाख के चंदन के पेड़ चोरी, फेंसिंग तोड़कर वारदात को दिया अंजाम

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम हथौद स्थित मुक्तानंद आश्रम परिसर से चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश गुरुवार रात आश्रम परिसर में घुसे और खेत की मेड़ पर लगे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने पर आश्रम प्रबंधन ने कोतवाली थाना बालोद में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, आश्रम परिसर के खेत की मेड़ पर कुल 10 चंदन के पेड़ लगे हुए थे, जिनकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। चोर फेंसिंग के तार तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और मशीन की मदद से करीब 7 से 8 फीट ऊंचे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मुक्तानंद आश्रम परिसर से पांच चंदन के पेड़ों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चोरी हुए पेड़ों की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।