16 दिन में बदली कहानी: जिस दूल्हे की बारात लौटाई थी, उसी संतराम के साथ मुस्कान ने मंदिर में रचाई शादी

Follow Us

जांजगीर-चांपा। प्रदेश के जांजगीर-चांपा जिले की मुस्कान प्रधान एक बार फिर चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले जिस दूल्हे की बारात उन्होंने शराब के नशे में होने के आरोप के चलते लौटा दी थी, अब उसी युवक संतराम के साथ उन्होंने मंदिर में शादी कर ली है। दोनों के इस फैसले ने लोगों को हैरान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, 23 जून को शादी के दिन मुस्कान ने दूल्हे को नशे की हालत में देखकर विवाह से इनकार कर दिया था। उनके इस फैसले की पूरे प्रदेश में सराहना हुई थी। बाद में मुस्कान और संतराम के बीच बातचीत शुरू हुई और दोनों ने आपसी सहमति से रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।

बताया जा रहा है कि, गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र गई थीं। वहां से निकलने के बाद वह सीधे खोखरा गांव पहुंचीं, जहां मनका दाई मंदिर में संतराम और उनके परिवार की मौजूदगी में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। मुस्कान के घर नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान उन्हें संतराम के घर पर पाया। चांपा सीएसपी योगिता खपड़े ने मौके पर पहुंचकर दोनों से बातचीत की, जिसके बाद मुस्कान ने अपनी इच्छा से विवाह करने की बात कही।

दोनों का कहना है कि, शादी वाले दिन हुई घटना के पीछे गलतफहमी थी। संतराम ने दावा किया कि, उसने शराब नहीं पी थी और कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाए जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब मुस्कान और संतराम ने अपने रिश्ते को नई शुरुआत देने का फैसला किया है।