रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी समेत अन्य मामलों में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा सरकार का राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र करती रही है। उन्होंने कहा कि पहले ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया और अब राज्य की जांच एजेंसी EOW के जरिए कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए झूठे मामले दर्ज कर नेताओं को परेशान करती रही है। जिन मामलों में ईडी कोई ठोस परिणाम नहीं दे सकी, उन्हीं मामलों की जांच अब EOW से करवाई जा रही है। सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि यह मामला अदालत में टिक नहीं पाएगा और न्यायालय में भाजपा का कथित षड्यंत्र उजागर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई के खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ लड़ाई लड़ेगी तथा भाजपा के इन कथित षड्यंत्रों को जनता के बीच भी उजागर करेगी।
