‘जोगी कांग्रेस 2.0’ लॉन्च: अमित जोगी ने पेश किया नया विजन, कांग्रेस में विलय और BJP की ‘बी-टीम’ वाले आरोपों पर भी बोले

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने नए स्वरूप और नई रणनीति के साथ ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ की शुरुआत की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने रायपुर स्थित अपने निवास पर नई राजनीतिक दिशा, संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की रणनीति का ऐलान किया। अमित जोगी ने कहा कि बदलते दौर में राजनीति अब नई सोच, नई तकनीक और युवा नेतृत्व पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति, धर्म और वंशवाद की राजनीति से आगे बढ़कर जमीनी मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रहेगी। पार्टी संगठन में बड़े बदलाव करते हुए युवा विंग से संस्थापक अजीत जोगी का नाम हटा दिया गया है। अब ‘अजीत जोगी युवा कांग्रेस’ का नाम बदलकर ‘जनता युवा कांग्रेस’ कर दिया गया है। पार्टी ने ईश्वर उपाध्याय को युवा संगठन का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।

अमित जोगी ने बताया कि पार्टी प्रदेशभर में नशा, बेरोजगारी और अन्याय के मुद्दों पर व्यापक अभियान चलाएगी। इसके साथ ही जनता युवा कांग्रेस की ओर से ‘बेटी बचाओ’ के साथ ‘बेटा बचाओ’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। उनका कहना था कि प्रदेश के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद जैसी समस्याओं से बचाने की जरूरत है। कांग्रेस में विलय के सवाल पर अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी ने करीब एक वर्ष पहले कांग्रेस हाईकमान को विलय का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी ने नए रूप में आगे बढ़ने का फैसला किया है।

भाजपा की ‘बी-टीम’ कहे जाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इस टैग से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा और जनता के बीच नकारात्मक संदेश गया। अब पार्टी नई भूमिका और नई पहचान के साथ जनता के बीच जाएगी। कार्यक्रम के दौरान अजीत जोगी के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों ‘दृष्टिकोण’ और ‘सदी के मोड़’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने बताया कि इन पुस्तकों में 90 के दशक के राजनीतिक घटनाक्रमों पर अजीत जोगी द्वारा लिखे गए लेखों का संकलन किया गया है।