मुंबई। अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर के वेडिंग रिसेप्शन में अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपने रॉयल बनारसी साड़ी लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ग्लैमरस गाउन और हैवी लहंगों के बीच जान्हवी ने पारंपरिक बनारसी साड़ी को मॉडर्न अंदाज में स्टाइल कर फैशन प्रेमियों को नया ट्रेंड दिया। इस खास मौके पर जान्हवी ने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की कस्टम लैवेंडर बनारसी सिल्क ब्रोकेड साड़ी पहनी। हल्के बैंगनी रंग की इस साड़ी पर बारीक फ्लोरल ब्रोकेड वर्क और चौड़े जरदोजी बॉर्डर ने इसे बेहद शाही लुक दिया। उन्होंने साड़ी को क्लासिक ड्रेपिंग स्टाइल में पहनकर इसकी खूबसूरती को और निखारा।
जान्हवी ने इस साड़ी के साथ पारंपरिक ब्लाउज की जगह स्ट्रैपलेस सिल्क ब्लाउज चुना। डीप नेकलाइन और क्रॉप्ड सिल्हूट वाला यह ब्लाउज उनके पूरे लुक को कंटेंपररी टच देता नजर आया। ट्रेडिशनल बनारसी वीव और मॉडर्न ब्लाउज का यह कॉम्बिनेशन सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। एक्ट्रेस ने अपने लुक को गोल्ड टेम्पल ज्वेलरी, स्टेटमेंट चोकर, चांदबाली, कड़े, चूड़ियों, रिंग्स और गोल्ड कमरबंद के साथ पूरा किया। वहीं, ग्लोइंग मेकअप, छोटी बिंदी और सेंटर-पार्टेड ब्रेडेड बन हेयरस्टाइल ने उनके एथनिक लुक में चार चांद लगा दिए।
