पेरिस। भारतीय फैशन डिजाइनर राहुल मिश्रा ने पेरिस हाउते कॉउचर वीक में अपने ऑटम/विंटर 2026-27 कॉउचर कलेक्शन ‘देवी: द इटरनल म्यूज़’ को पेश कर दुनिया के सामने भारतीय कला, शिल्प और सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक दिखाई। इस कलेक्शन में प्राचीन भारतीय मंदिरों की मूर्तिकला, पौराणिक कथाओं और सदियों पुरानी कारीगरी को आधुनिक फैशन के साथ खूबसूरती से जोड़ा गया। राहुल मिश्रा ने बताया कि इस कलेक्शन की प्रेरणा दक्षिण भारत की 2,000 साल से अधिक पुरानी मंदिर मूर्तियों और उनकी कलात्मक विरासत से मिली। उनका उद्देश्य उन प्राचीन शिल्प परंपराओं और सांस्कृतिक विचारों को आधुनिक कॉउचर के जरिए नई पहचान देना था।
रनवे पर आइवरी, स्टोन ग्रे, ब्लैक, एंटीक गोल्ड और सॉफ्ट बेज रंग के परिधानों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बारीक थ्रेडवर्क, जरदोजी, दबका कढ़ाई, फ्रेशवॉटर पर्ल, क्रिस्टल और बीडवर्क ने हर परिधान को मूर्तिकला जैसा प्रभाव दिया। कलेक्शन में ओवरसाइज कॉलर, स्कल्प्चरल शोल्डर्स, आर्किटेक्चरल सिल्हूट और आकर्षक हेडपीस जैसे डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिले। महिलाओं के साथ पुरुषों के लिए तैयार किए गए आइवरी टोन आउटफिट्स ने भी कलेक्शन की थीम को प्रभावशाली ढंग से पेश किया।
इस प्रस्तुति को और खास बनाने के लिए राहुल मिश्रा ने पारंपरिक मिट्टी के कलाकार सुमंत कुमार, ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क और ब्रिटिश मिलिनर स्टीफन जोन्स के साथ सहयोग किया। मंदिरों से प्रेरित हेडपीस और शानदार डायमंड ज्वेलरी ने इस शो को भारतीय संस्कृति और आधुनिक फैशन का अद्भुत संगम बना दिया।
