रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुसार विभाग के मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल और अन्य सभी कार्यालयों में फाइलों और डाक का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर कोई भी फिजिकल फाइल संचालित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालयीन कार्य केवल ई-ऑफिस के जरिए ही करें, ताकि शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली पूरी तरह लागू हो सके।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था से फाइलों के निस्तारण में तेजी आएगी, निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी तथा कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी संभव होगी। इससे अनावश्यक विलंब खत्म होगा और नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था के शत-प्रतिशत पालन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
