मुंबई। नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय रोमांटिक-कॉमेडी वेब सीरीज ‘Mismatched’ एक बार फिर चर्चा में है। मेकर्स ने चौथे और अंतिम सीजन की शूटिंग शुरू कर दी है। इस खबर के सामने आते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि इस सीजन के साथ डिंपल और ऋषि की कहानी अपने अंजाम तक पहुंचेगी। सीरीज के मुख्य कलाकार रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा कर शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। वीडियो में दोनों सेट पर मस्ती करते नजर आए और आखिर में दिखाई दिए क्लैपबोर्ड ने नए सीजन की शूटिंग शुरू होने की पुष्टि कर दी। पोस्ट के साथ दोनों कलाकारों ने फैंस के लिए खास संदेश भी साझा किया।
‘Mismatched’ की कहानी डिंपल और ऋषि के रिश्ते, सपनों और करियर के उतार-चढ़ाव के इर्द-गिर्द घूमती है। पिछले तीन सीजन में दोनों के बीच प्यार, गलतफहमियां और रिश्तों की कई चुनौतियां देखने को मिलीं। अब अंतिम सीजन में दर्शकों को उनकी प्रेम कहानी का निष्कर्ष देखने को मिलेगा। चौथे सीजन में रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली के अलावा अहसास चन्ना, तारुक रैना, मुस्कान जाफरी, अभिनव शर्मा, विद्या मालवड़े और रणविजय सिंह सहित कई पुराने कलाकार अपनी भूमिकाओं में लौटेंगे। यह सीरीज संध्या मेनन के लोकप्रिय उपन्यास ‘When Dimple Met Rishi’ पर आधारित है, जिसे दर्शकों ने शुरुआत से ही खूब पसंद किया है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक ‘Mismatched Season 4’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। ऐसे में फैंस को नए सीजन के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रही चर्चा से साफ है कि दर्शक इस रोमांटिक कहानी के अंतिम अध्याय का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
