मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। इस टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर मौका दिया गया है।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से ही इतिहास रच दिया था। वह सबसे कम उम्र में भारत के लिए टी20 क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। अब जिम्बाब्वे दौरे पर उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। टीम में फिनिशर की भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह की वापसी हुई है। वहीं, तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, यश ठाकुर और प्रिंस यादव को भी जगह मिली है। स्पिन विभाग में हर्ष दुबे और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है।
विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ईशान किशन और प्रभसिमरन सिंह संभालेंगे, जबकि संजू सैमसन को इस सीरीज में मौका नहीं मिला है। अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई भी टीम से बाहर हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मुकाबले 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मौका होगी।
