मुंबई। महाराष्ट्र में भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। नासिक और आसपास के इलाकों में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से कई बड़े कदम उठाए गए हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण त्र्यंबकेश्वर इलाके में जनजीवन प्रभावित हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं। इसके अलावा नासिक के सप्तश्रृंगी माता मंदिर को भी बंद रखा गया है। कई जिलों में स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मुंबई समेत कई क्षेत्रों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नासिक, पालघर और वसई-विरार में भी भारी बारिश दर्ज की गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्क रहें। राहत एवं बचाव टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखी गई हैं।
