कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सतरेंगा में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने उसका शव नदी से बरामद किया। मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24) निवासी कोरबा के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने गया था। इस दौरान सभी नदी के बीच बने टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे। लौटते समय सुभांशु गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर श्यांग और लेमरु थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने और तेज बहाव के कारण रविवार को रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह नगर सेना की टीम ने दोबारा खोजबीन शुरू की और दिनभर की मशक्कत के बाद देर शाम शव बरामद कर लिया। बताया गया कि चार साल पहले सुभांशु के पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति पर SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई वर्षों से SECL की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

