रायपुर के गुढ़ियारी थाने में शुरू हुई ई-मालखाना प्रणाली, जप्त सामान की डिजिटल ट्रैकिंग अब होगी आसान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना में जप्त माल के सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक प्रबंधन के लिए ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले (IPS) ने इस डिजिटल व्यवस्था का उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रणाली का डेमो देखा, जिसमें बारकोड आधारित पहचान, डिजिटल पंजीयन, रैकवाइज स्टोरेज और सॉफ्टवेयर आधारित रिकॉर्ड ट्रैकिंग की कार्यप्रणाली प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम में डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर (IPS), डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल (IPS), एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस नई व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे पुलिस प्रशासन में तकनीकी सुधार की महत्वपूर्ण पहल बताया।

ई-मालखाना लागू करने से पहले गुढ़ियारी थाना में रखी सभी जप्त सामग्रियों का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद सामग्री को वैज्ञानिक तरीके से व्यवस्थित कर A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में रैकवाइज रखा गया। प्रत्येक जप्त वस्तु पर बारकोड लगाया गया है, जिससे उसकी एंट्री और एग्जिट पूरी तरह डिजिटल माध्यम से दर्ज होगी। साथ ही सभी रिकॉर्ड का सॉफ्टवेयर आधारित पंजीयन किया गया है, जिससे दस्तावेजों का रखरखाव और खोज प्रक्रिया अधिक तेज और सरल हो गई है।

नई प्रणाली से जप्त माल की आवक-जावक, हैंडलिंग और रिकॉर्ड की डिजिटल ट्रैकिंग संभव होगी। इससे ‘चेन ऑफ कस्टडी’ और अधिक मजबूत होगी तथा हर जप्त वस्तु की स्थिति और मूवमेंट पर आसानी से निगरानी रखी जा सकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-मालखाना प्रणाली से पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ेगी। साथ ही रिकॉर्ड प्रबंधन में त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। गुढ़ियारी थाना की यह पहल भविष्य में अन्य थानों के लिए मॉडल के रूप में विकसित की जा सकती है और पुलिस प्रशासन के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।