एनीकट में मछली पकड़ते समय तेज बहाव में बहा युवक, रेस्क्यू जारी, 5 महीने पहले हुई थी शादी

Follow Us

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुरा एनीकट में सोमवार दोपहर एक युवक मछली पकड़ने के दौरान तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21), पिता दसरू निषाद, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुरा एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया।

मौके पर मौजूद तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वह सफल नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पहुंची। हालांकि नदी में पानी का बहाव और दबाव अधिक होने के कारण सुरक्षा कारणों से टीम तत्काल पानी में नहीं उतर सकी। फिलहाल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर पर था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।