भाई की मौत का राज बताने के नाम पर 40 लाख की ठगी, लग्जरी SUV भी हड़पी; तांत्रिक फरार

Follow Us

रायपुर। भाई की संदिग्ध मौत की सच्चाई जानने की चाह एक कारोबारी को भारी पड़ गई। तंत्र-मंत्र और विशेष साधना के नाम पर खुद को तांत्रिक बताने वाले एक आरोपी ने कारोबारी से करीब 40 लाख रुपये और एक लग्जरी SUV हड़प ली। महीनों तक झांसा देने के बाद जब कोई परिणाम नहीं मिला, तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता गाजियाबाद निवासी डॉक्टर एवं कारोबारी ऋषभ चौबे हैं। उनके भाई की पिछले वर्ष इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार मौत के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान रायपुर में रहने वाले एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात खुद को तांत्रिक बताने वाले नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई। आरोपी ने विशेष साधना और तंत्र-मंत्र के जरिए भाई की मौत का रहस्य उजागर करने का दावा किया और इसी बहाने पीड़ित से करीब 40 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, उसने एक लग्जरी SUV भी अपने नाम ट्रांसफर करा ली। कई महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी कोई नतीजा नहीं दे सका। खुद को ठगा महसूस होने पर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।