रायपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए पुष्प

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शारदा चौक, जीई रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग और जोन क्रमांक-2 के सहयोग से पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, सूर्यकांत राठौड़, अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद जयन्ती भाई पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

सभी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि दी।