PM Modi 3 देशों के दौरे पर रवाना, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से छह दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। 6 से 11 जुलाई तक होने वाले इस दौरे में वह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य तीनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना, रणनीतिक सहयोग बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका को और सशक्त बनाना है।

दौरे की शुरुआत इंडोनेशिया से होगी। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक जकार्ता में रहेंगे। इस दौरान वह कई आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और सांस्कृतिक-ऐतिहासिक शहर योग्याकर्ता का भी दौरा करेंगे। दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहेंगे। यहां रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, क्रिटिकल एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, खेल और स्पोर्ट्स साइंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी। हाल ही में लागू हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

दौरे का अंतिम चरण 10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में होगा। प्रधानमंत्री मोदी अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश, आर्थिक सहयोग और दोनों देशों के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के क्रियान्वयन पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह पिछले 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी।

इस दौरान भारत ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के समक्ष भारत-विरोधी गतिविधियों, विशेष रूप से खालिस्तान समर्थक तत्वों की हिंसक गतिविधियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाएगा। सरकार का मानना है कि यह दौरा क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।