रायपुर निगम की विशेष सामान्य सभा शुरू: जलभराव, सफाई और मानसूनी तैयारियों पर मंथन

Follow Us

रायपुर। राजधानी में मानसून के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव, नालों की सफाई, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

मानसून की पहली तेज बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में जलभराव, जाम नालों और खराब सफाई व्यवस्था की शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं समस्याओं के समाधान और भविष्य की तैयारियों की समीक्षा के लिए यह विशेष बैठक बुलाई गई है।
बैठक के दौरान पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और नागरिकों की शिकायतें सदन के समक्ष रख रहे हैं। वहीं विपक्ष नगर निगम की मानसूनी तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन से जवाब मांग रहा है।

महापौर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह विशेष सामान्य सभा राजनीति करने के लिए नहीं, बल्कि शहरवासियों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने सभी पार्षदों से रचनात्मक सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जलभराव और अन्य मानसूनी समस्याओं का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है