कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने नाटो शिखर सम्मेलन से ठीक पहले बड़ा हमला कर दिया, जिससे शहर में दहशत फैल गई। सोमवार तड़के हुए इस हमले में रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत और 34 से अधिक लोग घायल हो गए। हमले के दौरान कीव के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और कई इमारतों में आग लग गई। नागरिकों ने सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में शरण ली। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, बचाव दल लगातार मलबे से लोगों को निकालने में जुटे रहे।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि मृतकों में सात लोग कीव के और एक व्यक्ति बुचा जिले का है। यूक्रेन की एयरफोर्स ने पुष्टि की कि हमले में कई प्रकार की मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को पहले ही खुफिया जानकारी मिली थी कि रूस बड़ा हमला कर सकता है, जिसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था। यह हमला एक हफ्ते में दूसरी बार हुआ जब राजधानी को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

