‘लॉक अप 2’ में शिल्पा शिंदे की धमाकेदार एंट्री, पहली वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट बन बढ़ाएंगी गेम का रोमांच

Follow Us

मुंबई। नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में अब ड्रामा और रोमांच का स्तर और बढ़ने वाला है। टीवी की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने शो में पहली वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री कर ली है। उनकी एंट्री का प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। शो के मेकर्स ने रविवार को एक प्रोमो वीडियो जारी कर शिल्पा शिंदे की एंट्री की घोषणा की। वीडियो में शिल्पा पूरे आत्मविश्वास के साथ कहती नजर आती हैं, “सुना है सब लोग अंदर अपनी-अपनी गाड़ी जमाए बैठे हैं, लेकिन उन्हें कह दो जब तक कोई बाहर का अंदर कदम नहीं रखता, तब तक ही उनका राज चलता रहेगा।” वीडियो के साथ मेकर्स ने कैप्शन दिया, “सही पकड़े हैं! अब गेम पलटने वाला है।”

फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो में अब तक कई इमोशनल खुलासे और तीखी बहसें देखने को मिल चुकी हैं। पहली कंटेस्टेंट के रूप में श्रेष्ठा अय्यर का एलिमिनेशन भी हो चुका है। ऐसे में शिल्पा शिंदे की एंट्री से शो में नए समीकरण बनने की उम्मीद है। हाल ही में शिल्पा शिंदे अपने एक इंटरव्यू को लेकर भी सुर्खियों में थीं। भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में उन्होंने ‘भाभीजी घर पर हैं!’ छोड़ने के दौरान हुए विवाद और प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उस समय परिस्थितियां बेहद कठिन थीं और बाद में मामला सुलझने के बाद उन्हें उनका बकाया भुगतान मिल गया। शिल्पा के इन बयानों पर मनोरंजन जगत में काफी बहस छिड़ी थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि उनकी वाइल्डकार्ड एंट्री ‘लॉक अप 2’ के गेम को किस तरह बदलती है।