बैकुंठपुर (कोरिया)। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम ने नौगई हत्याकांड को लेकर बड़ा बयान दिया है। कोरिया जिले के दौरे पर पहुंचे डीजीपी ने कहा कि मामले में अब तक कोरिया पुलिस की जांच सही दिशा में चल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। यदि सीबीआई इस मामले को टेकओवर करती है, तो यह बेहतर होगा।
मीडिया से चर्चा के दौरान डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि उनके दौरे का उद्देश्य जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस अधोसंरचना का जायजा लेना है। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में पुलिस संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे। डीजीपी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और सामुदायिक सहभागिता के साथ बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिले के 70 युवाओं को पुलिस से जोड़ा गया है, जो एक सकारात्मक पहल है। इससे पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
इससे पहले डीजीपी अरुण देव गौतम ने कोरिया पुलिस के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस संसाधनों, अधोसंरचना विकास और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

