बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही इस खेप की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद महिंद्रा पिकअप वाहन (UP-52-T-2094) में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर दो तस्कर ओडिशा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम धनपुंजी स्थित फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि चालक विजय पांडेय निवासी राजेंद्र नगर, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है।
वाहन की तलाशी के दौरान 9 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखे गए 105 पैकेट गांजा बरामद हुए। तौल करने पर इनका कुल वजन 214.300 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा महिंद्रा पिकअप वाहन, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
