फरीदकोट में ‘ऑपरेशन प्रहार 3.0’ का बड़ा एक्शन: 100 से अधिक आरोपी गिरफ्तार, 30 नशा तस्कर- भगोड़े अपराधी दबोचे गए

Follow Us

फरीदकोट। पंजाब में नशा और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन प्रहार 3.0’ के तहत फरीदकोट पुलिस ने जिलेभर में एक साथ छापेमारी कर 100 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें पुलिस ने 30 से अधिक नशा तस्करों और 3 भगोड़े अपराधियों को भी दबोचा। इसके साथ ही दो अवैध पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने शहरी और ग्रामीण इलाकों में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर कार्रवाई की।

इस दौरान गंभीर मामलों में वांछित करीब चार दर्जन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनकी लंबे समय से तलाश थी। अन्य कई मामलों में करीब 100 लोगों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, यह अभियान अभी जारी है और आने वाले दिनों में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी। राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।