नकटी विवाद पर हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष का बड़ा दावा : ‘विधायक कॉलोनी का कोई प्रस्ताव नहीं’, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

Follow Us

रायपुर। माना स्थित नकटी गांव में प्रशासन की कार्रवाई को लेकर जारी विवाद के बीच छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह ने प्रेसवार्ता कर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकटी में विधायक कॉलोनी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। जिस जमीन को लेकर विवाद हो रहा है, वह हाउसिंग बोर्ड की नहीं बल्कि राजस्व विभाग के अधीन शासकीय भूमि है।

अनुराग सिंह ने बताया कि नकटी की संबंधित जमीन फिलहाल हाउसिंग बोर्ड के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में करीब 3 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण था, जबकि 2023-24 के दौरान शेष भूमि पर अवैध कब्जे किए गए। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट भी इस भूमि को शासकीय भूमि मान चुका है। कुछ अतिक्रमणकारियों ने 29 हजार वर्गफीट तक जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।

प्रेसवार्ता के दौरान अनुराग सिंह ने कांग्रेस पर जनभावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है और बलौदाबाजार जैसी स्थिति दोहराना चाहती है। उन्होंने पूर्ववर्ती भूपेश सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में छेड़ीखेड़ी में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उस दौरान करीब 150 कब्जाधारियों को हटाया गया था और बाद में 61 विधायकों को जमीन आवंटित की गई। अनुराग सिंह ने यह भी कहा कि उस समय सरकार के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान एक किसान की मौत भी हुई थी।