पहली बारिश में डूबा डोंगरगढ़, जलभराव से बेहाल लोग; ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल

Follow Us

डोंगरगढ़। मानसून की पहली तेज बारिश ने ही नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सबसे ज्यादा प्रभावित केदारबाड़ी क्षेत्र रहा, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश के दौरान सामने आती है। कई बार नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें भी दी गईं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। रहवासियों का आरोप है कि केदारबाड़ी कॉलोनी के निर्माण के समय उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं बनाई गई, जिसके कारण हर बारिश में पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है।

रहवासियों के अनुसार, नगर पालिका केवल अस्थायी उपाय करती है, जबकि मूल समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। पहली ही बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से नगर की ड्रेनेज व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि हर मानसून में होने वाली इस परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।