रावलकोट/इस्लामाबाद। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जहां प्रदर्शनकारियों ने अब भारत के साथ जुड़ने की खुली मांग उठाई है। पिछले 26 दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों में स्थानीय लोग पाकिस्तानी सेना और प्रशासन पर गंभीर दमन और बुनियादी अधिकारों के हनन का आरोप लगा रहे हैं।
प्रदर्शनकारी संगठन जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेता सरदार अमन खान ने वीडियो संदेश जारी कर आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की है। उन्होंने भारत, विशेषकर जम्मू-कश्मीर के लोगों से समर्थन की भी मांग की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें खाद्य सामग्री, दवाइयों और जरूरी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है, जिससे स्थिति गंभीर होती जा रही है।
रावलकोट के ईदगाह मैदान में हजारों की संख्या में जुटी भीड़ ने कई बार भारत के साथ जुड़ने के पक्ष में समर्थन जताया। नेताओं ने राजौरी, जम्मू, लद्दाख, करगिल और गिलगित-बाल्टिस्तान के लोगों से भी एकजुट होने की अपील की है। इस बीच, पाकिस्तानी सेना के कथित दमन के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के दृश्य सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालिया घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और क्षेत्र में अशांति लगातार बढ़ रही है।
