कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ एक कलयुगी पिता पर अपनी ही 8 वर्षीय मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म करने का घिनौना आरोप लगा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी के विरोध के बावजूद कमरे में ले गया मासूम को
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता पहले भी बच्ची के साथ गलत व्यवहार कर चुका था और इस बात की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को भी थी। 2 जुलाई की रात आरोपी ने अपनी पत्नी के कड़े विरोध के बावजूद मासूम बच्ची को ज़बरदस्ती कमरे में ले गया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
ससुराल पक्ष का था दबाव, पर मां ने चुनी इंसाफ की राह
इस खौफनाक घटना के अगले ही दिन, यानी 3 जुलाई की सुबह पीड़िता की हिम्मतवील मां अपनी बच्ची को लेकर सीधे कोतवाली थाना पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष की ओर से उस पर रिपोर्ट दर्ज न कराने का भारी दबाव बनाया गया था और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन ममता और इंसाफ के आगे मां ने किसी की न सुनी और आरोपी पति को कानून के हवाले कर दिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा जा रहा जेल
शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस एक्शन में आई और बिना वक्त गंवाए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के मुताबिक: “महिला की शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और पीड़ित बच्ची को आवश्यक सहायता व काउंसिलिंग उपलब्ध कराई जा रही है।”
