शॉर्टकट बना मौत का कारण: मालगाड़ी के नीचे से निकलते समय ट्रेन चली, अधेड़ की कटकर मौत

Follow Us

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश के दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिससे व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे कर्मचारियों के अनुसार, पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान अधेड़ शॉर्टकट अपनाने के लिए मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर ट्रैक पार करने लगा। तभी ट्रेन को सिग्नल मिल गया और वह आगे बढ़ गई। व्यक्ति संभल नहीं सका और पहियों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है और हादसे के समय उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। उसके पास से कोई मोबाइल, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

जीआरपी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि नीले कपड़े पहने इस हुलिये के किसी लापता व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पेंड्रा रोड जीआरपी थाने से संपर्क कर पुलिस की मदद करें।