रायपुर। राजधानी से लगे तुता गांव में अतिक्रमण को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी ने तुता गांव के 35 मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया है। संभावित कार्रवाई की आशंका से प्रभावित परिवारों में चिंता और दहशत का माहौल है।
NRDA द्वारा 30 जून को जारी नोटिस में संबंधित मकानों को प्राधिकरण की भूमि पर अतिक्रमण बताते हुए 6 जुलाई तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 25 से 50 वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उनकी कई पीढ़ियां यहीं बसी हैं। उनका सवाल है कि यदि मकान अवैध थे, तो इतने वर्षों तक प्रशासन और संबंधित विभागों ने इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
नोटिस जारी होने के बाद ग्रामीणों में अपने आशियाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तय समय सीमा के बाद NRDA आगे क्या कदम उठाता है।
