छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर–नारायणपुर समेत कई जिलों में यलो वॉर्निंग जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की फुहारें पड़ती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सबसे ज्यादा 14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लाल बहादुर नगर में 11 सेमी, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेमी, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेमी बारिश हुई। कई अन्य जिलों में 2 से 7 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रह सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।