राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, बोले- सहकारिता से बनेगा समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में शामिल हुए। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘सहकारी सप्ताह’ के तहत आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध किसान, सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकसित छत्तीसगढ़ का मार्ग सशक्त सहकारिता से होकर जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता को ग्रामीण विकास की मजबूत धुरी मानते हुए किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने सहकार प्रेरणा पुरस्कार विजेताओं, तेंदूपत्ता संग्राहकों तथा वनधन समितियों से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सीएम साय ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में ‘सहकार से समृद्धि’ का मंत्र किसानों, पशुपालकों, मछुआरों, बुनकरों और लघु वनोपज संग्राहकों के लिए आय बढ़ाने, आत्मनिर्भरता और नए अवसरों का मजबूत आधार बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता आंदोलन को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समृद्ध किसान, सशक्त गांव और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सके।