कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के ग्राम पंचायत सोनहत में महिला सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, एक अधिवक्ता पर पंचायत प्रतिनिधियों को हालिया चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड का हवाला देते हुए डराने-धमकाने का आरोप है। मामले में महिला सरपंच ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) से सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, हाल ही में हुए नौगई तिहरे हत्याकांड में तीन लोगों की मौत का उदाहरण देते हुए आरोपी ने पंचायत प्रतिनिधियों को कथित तौर पर उसी तरह का अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद क्षेत्र में भय का माहौल बताया जा रहा है। महिला सरपंच मानमती सिंह का आरोप है कि धमकी देने वाला व्यक्ति पेशे से अधिवक्ता है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनका दावा है कि आरोपी पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है।
शिकायत के अनुसार, 30 जून को पंचायत भवन में बैठक के दौरान आरोपी ने कथित रूप से घुसकर महिला सरपंच के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में सोनहत थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सरपंच का आरोप है कि इसके बावजूद 2 जुलाई को आरोपी ने फिर उनका रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार किया और एफआईआर कराने का अंजाम भुगतने की धमकी दी।
लगातार मिल रही कथित धमकियों के बाद सरपंच ने कलेक्टर और एसपी को लिखित आवेदन देकर अपने परिवार और पंचायत भवन की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2023 में उसे लगातार आपराधिक गतिविधियों के आधार पर जिला बदर किया गया था। ताजा मामले में सोनहत थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी सुरेशा चौबे ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



