बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत

Follow Us

बलौदाबाजार। जिले में बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक वाहन के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कैप्सूल वाहन भी अनियंत्रित होकर पलट गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम संडी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत सत्यप्रकाश सोनवानी (34) और गोपी किशन आडिल (25) दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों युवक और उनकी बाइक करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते रहे। इसके बाद कैप्सूल वाहन भी आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।