कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर, इमली के पेड़ पर बसे 6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत

Follow Us

कोरबा। जिले के करतला वनमंडल अंतर्गत ग्राम रामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से इमली के पेड़ पर बसेरा किए हुए छह साइबेरियाई पक्षियों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में मायूसी के साथ हैरानी का माहौल है। ग्रामीण इन प्रवासी पक्षियों का आगमन शुभ मानते हैं और हर साल इनके आने का इंतजार करते हैं।

जानकारी के अनुसार, हर वर्ष हजारों किलोमीटर का सफर तय कर साइबेरिया से आने वाले ये प्रवासी पक्षी बरसात के मौसम में रामपुर गांव पहुंचते हैं। यहां पेड़ों पर घोंसले बनाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं और बच्चों के उड़ने लायक होने के बाद वापस अपने मूल स्थान की ओर लौट जाते हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान इमली के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वहां बसे छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों में निराशा है, क्योंकि वे इन पक्षियों को गांव की खुशहाली और अच्छे मौसम का प्रतीक मानते हैं।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि गांव में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगे होने के बावजूद पेड़ पर बिजली कैसे गिर गई। उन्होंने तड़ित चालक की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।