नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची अपने तीन दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर बुधवार शाम नई दिल्ली पहुंचीं। इस महत्वपूर्ण दौरे को भारत-जापान संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
आज प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के तहत उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमोबाइल उद्योग, सप्लाई चेन और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही जापानी प्रधानमंत्री भारत-जापान बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगी, जिसमें जापान के 150 से अधिक उद्योगपति शामिल होंगे। इस मंच पर दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने, निवेश बढ़ाने और नई तकनीकी सहयोग योजनाओं पर बातचीत होगी।
भारत पहुंचने पर साने ताकाइची ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि, यह उनका प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला भारत दौरा है और वे पीएम मोदी के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उनका स्वागत करते हुए कहा कि, यह यात्रा भारत-जापान “स्पेशल स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप” को और मजबूत करेगी। भारत रवाना होने से पहले जापानी पीएम ने कहा था कि, मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत के साथ सहयोग और भी महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
