घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में घर में गड़ा सोना निकालने और परिवार की बीमारी दूर करने का झांसा देकर करीब 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 मई को साधु के वेश में एक व्यक्ति पीड़ित परिवार के घर पहुंचा और दावा किया कि घर में सोना गड़ा हुआ है। उसने कहा कि सोना निकालने से परिवार की बीमारी दूर हो जाएगी। इसके बाद आरोपियों ने कथित भस्म और दवा खरीदने के नाम पर दो किश्तों में लगभग 5 लाख रुपये ले लिए।

जब आरोपियों ने और रुपये की मांग की तो परिवार को शक हुआ। घर में खोदे गए गड्ढे से लाल कपड़े में बंधा एक लोटा मिला, जिसमें सोने जैसी दिखने वाली 21 मूर्तियां थीं। जांच करने पर सभी मूर्तियां पीतल की निकलीं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास और झूठे चमत्कारों के नाम पर किसी के बहकावे में नहीं आने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।